आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस (वाईएसआरसीपी) से हाल ही में निलंबित किए गए विधायक मेकापति चंद्रशेखर रेड्डी के रिश्तेदार, विधायक मेकापति विक्रम रेड्डी ने इन अफवाहों का खंडन किया है कि वह असंतुष्ट होने के कारण पार्टी छोड़ रहे हैं।अत्माकुरु से विधायक विक्रम रेड्डी ने कहा कि वह इस तरह की अफवाहों की चिंता नहीं करते। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के साथ रहेंगे।विक्रम रेड्डी ने विश्वास जताया कि वाईएसआरसीपी अगले विधानसभा चुनाव में नेल्लोर जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।
रेड्डी के समर्थन में दो बार संसद से इस्तीफा दिया
विक्रम रेड्डी ने याद दिलाया कि उनका परिवार लंबे समय से जगन मोहन रेड्डी से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता मेकापति राजमोहन रेड्डी ने जगन मोहन रेड्डी के समर्थन में दो बार संसद से इस्तीफा दिया था।विक्रम रेड्डी ने ‘टीवी’ पर प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरे भाई गौतम की असामयिक मौत के बाद भी उन्होंने (जगन) हमसे बात की थी और गौतम की सीट हमें दे दी थी। मेरे भाई की कमी को उन्होंने पूरा किया है। किसी भी तरह की मदद लेने के लिए मैं सबसे पहले जगन अन्ना से संपर्क करता हूं।’’
तेदेपा के पक्ष में मतदान करने के लिए निलंबित कर दिया था
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में कथित रूप से ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के लिए पार्टी से निष्कासित किए गए अपने रिश्तेदार चंद्रशेखर रेड्डी के बारे में विक्रम रेड्डी ने कहा कि पार्टी लाइन का उल्लंघन करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।हाल ही में, वाईएसआरसीपी ने चार विधायकों-ए रामनारायण रेड्डी, उन्दावल्ली श्रीदेवी, मेकापति चंद्रशेखर रेड्डी और कोटमरेड्डी श्रीधर रेड्डी को विधान परिषद चुनाव में कथित रूप से तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के पक्ष में मतदान करने के लिए निलंबित कर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



