कॉलेज निर्माण की सुस्त गति पर जताई नाराजगी

Summary :

मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों को देखने पहुंचे डायरेक्टर मेडिकल एजुुकेशन युगल किशोर पंत निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार से काफी नाराज दिखाई दिए।

अल्मोड़ा : निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए डायरेक्टर मेडिकल एजुुकेशन युगल किशोर पंत ने कार्यदायी संस्था को स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने जुलाई से पहले पहले हर हाल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इसी साल अगस्त माह से यहां एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। एमसीआई के दौरे को लेकर भी तैयारियों का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों को देखने पहुंचे डायरेक्टर मेडिकल एजुुकेशन युगल किशोर पंत निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार से काफी नाराज दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि अब तक संस्था को 215 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। लेकिन संस्था काम में तेजी नहीं ला पायी है। उन्होंने गुणवत्ता पूर्ण तरीके से जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले हफ्ते एमसीआई के दौरे को लेकर भी तैयारियों का जायजा लिया। बाद में उन्होंने बेस अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इधर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. राम गोपाल नौटियाल ने बताया कि पिछले हफ्ते कार्यदायी संस्था को 20 करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसी माह 15 अप्रैल को सचिव और 18 अप्रैल को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में मेडिकल कालेज की समीक्षा भी की जानी है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों और कर्मचारियों की नियुक्ति आचार संहिता शुरू होने के बाद सतत शुरू हो जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ विनीता साह, सीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी, निर्माणदायी संस्था यूपी निर्माण निगम के विवेक अरोड़ा समेत विभागीय अधिकारी आदि मौजूद थे।

Desk Team