उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि भाजपा सरकार ने दलितों को शिक्षित करने की दिशा में काम करना शुरू किया है। योगी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर आयोजित समारोह में कहा, ”बाबा साहब कहते थे कि दलित समाज का उत्थान तभी होगा जब ये लोग पढ़ेंगे, शिक्षित होंगे, हम लोगों ने इस क्षेत्र में काम करना शुरू किया है।”
उन्होंने कहा, ”आंबेडकर महासभा ने कहा था कि आय सीमा को दो लाख से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये किया जाए। जब हम लोग सत्ता में आए तो इस मांग को पूरा किया।” योगी ने कहा,‘‘बाबा साहब की फोटो पहले किसी भी सरकारी कार्यालय में नहीं थी । जब हम आए तो सबसे पहले उनकी फोटो सभी सरकारी कार्यालय में लगाने का काम किया ।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार कमिश्नरी स्तर पर श्रमिकों के लिए स्कूल बनाने का काम कर रही है, जिससे श्रमिकों के बच्चों को उचित शिक्षा मिल सके ।


Download Android App
Download iOS App



