मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी शासकीय विद्यालयों में 15 अप्रैल से दो महीने का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है। राज्य के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि प्रदेश में कक्षा पहली से आठवीं तक के शासकीय एवं अनुदान प्राप्त समस्त विद्यालयों के लिए 15 अप्रैल से 13 जून 2021 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक की कक्षाओं का प्रत्यक्ष तरीके से संचालन 30 अप्रैल 2021 तक नहीं किया जाएगा। इन कक्षाओं का ऑनलाइन शिक्षण कार्य जारी रह सकेगा। परमार ने बताया कि प्रदेश में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी छात्रावासों को तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति और विद्यालय के छात्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलाधीशों, जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों एवं प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालय में कार्यरत सभी शासकीय शिक्षक बोर्ड परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षण या अन्य शासकीय कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने पर आवश्यक रूप से उपस्थित होंगे। जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि बोर्ड परीक्षाएं संबंधित बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा मंडल, सीबीएसई, आईसीएसई इत्यादि के निर्देश के अनुसार ही आयोजित होंगी।


Download Android App
Download iOS App



