पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों की राज्यों के राज्यपालों के रूप में नियुक्ति भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ है। नारायणसामी ने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, तेलंगाना और केरल में नये राज्यपालों की नियुक्ति के संदर्भ में यह बात कही है।
मुख्यमंत्री ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर मनाकुला विनायगर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कहा कि ये नियुक्तियां सरकारिया आयोग की सिफारिशों के खिलाफ भी है। वर्ष 1983 में देश की तत्कालीन केंद्रीय सरकार द्वारा गठित सरकारिया आयोग ने विभिन्न विषयों पर केंद्र-राज्य संबंधों को लेकर कई कई सिफारिशें की थीं और देश के संविधान के ढांचे के अंतर्गत इनमें परिवर्तन का सुझाव दिया था। नारायणसामी ने आरोप लगाया, “ये राज्यपाल भाजपा के हाथों की कठपुतली की तरह काम करेंगे।” उन्होंने आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं भी दी।


Download Android App
Download iOS App



