हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल नोटबंदी ‘‘नाकाम’’ हो गयी है और यह उत्तर प्रदेश में एक व्यापारी के घर से भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी से स्पष्ट है।
नोटबंदी के बावजूद इतनी नकदी कैसे मिली
उत्तर प्रदेश में भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, आपको प्रधानमंत्री से सवाल करना चाहिए कि (2016 में बड़े नोटों की) नोटबंदी के बावजूद इतनी नकदी कैसे मिली। प्रधानमंत्री जी, नोटबंदी विफल हो गयी है।
सरकार को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि वह पैसा किसका है
आयकर विभाग और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा हाल ही में मारे गए छापों में कानपुर के इत्र व्यापारी पीयूष जैन के घर से लगभग 257 करोड़ रुपये नकद, 25 किलोग्राम सोना और 250 किलोग्राम चांदी जब्त की गयी। ओवैसी ने मांग की कि सरकार को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि वह पैसा किसका है। उन्होंने कहा, (नकदी की जब्ती की) खुशबू दुनिया भर में फैल रही है।
उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करना चाहिए कि नोटबंदी एक विफलता थी, क्योंकि उससे केवल गरीब लोगों और लघु उद्योगों को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री से अपील कर रहा हूं कि आपको स्वीकार करना चाहिए कि नोटबंदी एक नाकामी है।’’


Download Android App
Download iOS App



