आश्रम-3 पर मचे बवाल के बाद एक्शन में सरकार, मप्र में शूटिंग से पहले दिखानी होगी फिल्म की स्क्रिप्ट

Summary :

मध्य प्रदेश की राजधानी में चल रही वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग की स्क्रिप्ट को लेकर मचे बवाल के बाद सरकार हरकत में आई है।

मध्य प्रदेश की राजधानी में चल रही वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग की स्क्रिप्ट को लेकर मचे बवाल के बाद सरकार हरकत में आई है। सरकार फिल्मांकन को लेकर नई गाईड लाइन जारी करेगी और फिल्म की शूटिंग से पहले जिला प्रशासन को स्क्रिप्ट दिखानी होगी। 
वेब सीरीज की स्टोरी पहले प्रशासन को दें – नरोत्तम मिश्रा 
फिल्म निमार्ता निर्देशक प्रकाश झा की वेब सीरीज आश्रम-तीन की शूटिंग के बाद राज्य के गृहमंत्री डा नरोत्तम मिश्रा का बयान आया है। उन्होने कहा है कि आश्रम-तीन की शूटिंग के विवाद के बाद हम एक स्थाई गाइड लाइन जारी करने वाले है। अगर आपत्तिजनक कोई सीन है, किसी धर्म की भावना को आहत करने वाले सीन अगर है, तो वह स्टोरी पहले प्रशासन को दें। 
पहले स्क्रिप्ट दिखाएँ फिर होगी शूटिंग – मिश्रा 
उन्होंने आगे कहा, अब शूटिंग से पहले जिला प्रशासन को स्क्रिप्ट दिखानी होगी और उस पर अनुमति मिलने के बाद ही शूटिंग की जा सकेगी। इसके साथ ही भाजपा के मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट कर फिल्म की स्क्रिप्ट और नाम पर सवाल उठाते हुए कहा, महिला उत्पीड़न के स्थान का नाम आश्रम ही क्यों? अफगानिस्तान क्यों नहीं? 

भाजपा नेताओं ने वेब सीरीज के नाम पर जताई आपत्ति  
इस वेब सीरीज को लेकर भाजपा के अन्य नेताओं ने भी तीखी प्रक्रिया व्यक्त की है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने ट्वीट कर कहा, आश्रम पर वेब सीरीज बनाने वाले क्या कभी मदरसों पर वेब सीरीज बनाने की औकात रखते हैं ? ज्ञात हो कि वेब सीरीज आश्रम-तीन की स्क्रिप्ट और कुछ सीन को लेकर विवाद हो गया है।

बजरंग दल के कार्यकतार्ओं ने रविवार को पुरानी जेल में चल रही शूटिंग का न केवल विरोध किया था, बल्कि हंगामा और तोड़फोड़ भी की थी। उसके बाद से वेब सीरीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 

Ujjwal Jain