नई दिल्ली : असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को ‘पंडित रविशंकर’ कहकर संबोधित किया। ‘डिजिटल नॉर्थ ईस्ट विजन 2022’ के दस्तावेज का यहां लोकार्पण करने के दौरान, अपने भाषण की शुरूआत में सोनोवाल ने कहा, ‘‘ मैं खासतौर पर पंडित रविशंकर जी का धन्यवाद करना चाहूंगा।’’
आपको बता दें कि पंडित रविशंकर एक सितार वादक थे जिनका 2012 में निधन हो गया था। हालांकि मंच पर बैठे प्रसाद ने फौरन सोनोवाल को टोकते हुए कहा, ‘‘ आपने मुझे पंडित बना दिया!’’ इसके बाद श्रोता हंस पड़े. इस दौरान वहां मेघालय और त्रिपुरा के मुख्यमंत्रियों के साथ ही अन्य मंत्री और वरिष्ठ नौकरशाह भी थे जिन्हें हंसते देखा गया।
सुधार करते हुए सोनोवाल ने अपना भाषण जारी रखा, और केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री का सही नाम और सही पद का उच्चारण किया। हालांकि भाषण समाप्त करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी गलती का बचाव किया। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं आपको (प्रसाद) उस तरह से संबोधित करने के लिए माफी चाहता हूं, लेकिन जब भी मैं आपका नाम लेता हूं मेरी इच्छा आपको पंडित कहकर संबोधित करने की होती है। भगवान ने आपको ऐसा ज्ञान, परिपक्वता और साहस दिया है। आप सबकुछ गंभीरता से करते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



