जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के बटमालू में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। यहां सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर नवीद जट्ट को घेर लिया है। जबकि एक जवान शहीद हो गया है। सेना को इस बात की जानकारी मिली थी कि इस इलाके में कुछ आतंकी मौजूद हैं, जिसके बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया। जिसके बाद सेना की आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ही तरफ से फायरिंग जारी है। इलाके में एनकाउंटर के चलते इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है, जिससे कि किसी भी तरह की मदद इन आतंकियों को नहीं मिल सके।
राज्य की डीजीपी एसपी वैद ने बताया कि आतंकियों के बारे सूचना मिलने के बाद श्रीनगर के बटमालू में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जब जवान मौके पर पहुंचे तो आतंकियों की तरफ से फायरिंग की गई। दोनों तरफ से हो रही फायरिंग के दौरान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का एक जवान शहीद हो गया। एसपी वैद ने ट्वीट कर बताया कि मुठभेड़ के दौरान जम्मू कश्मीर पुलिस का एक जवान घायल भी हुआ है, साथ ही 2 सीआरपीएफ जवान भी जख्मी हुए हैं।
शहीद जवान एसओजी एसपी के पीएसओ की जिम्मेदारी संभाल रहा था। फिलहाल ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबलों ने आतंकी को घेर लिया है। बताया जा रहा है कि लश्कर कमांडर नवीद को घेर लिया गया है और उसके खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



