Assam Meghalaya Border Dispute : असम, मेघालय ने 6 क्षेत्रों में सीमा विवाद सुलझाने पर काम शुरू करने का किया फैसला

Summary :

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और मेघालय के उनके समकक्ष कोनराड के. संगमा ने रविवार को मतभेदों के शेष छह क्षेत्रों में अंतर-राज्य सीमा विवाद को हल करने पर काम शुरू करने का फैसला किया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और मेघालय के उनके समकक्ष कोनराड के. संगमा ने रविवार को मतभेदों के शेष छह क्षेत्रों में अंतर-राज्य सीमा विवाद को हल करने पर काम शुरू करने का फैसला किया।
दोनों राज्यों के बीच इस साल की शुरुआत में छह अन्य समान क्षेत्रों में मुद्दों को सुलझाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।
शर्मा ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने शेष छह विवादित स्थलों की समस्याओं के समाधान पर काम शुरू करने का निर्णय लिया है। मेघालय की ओर से ये क्षेत्र तीन जिलों में स्थित हैं। इस मुद्दे पर आगे बढ़ने के लिए दोनों राज्यों द्वारा एक-एक कैबिनेट मंत्री की अध्यक्षता में तीन क्षेत्रीय समितियों का गठन किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि समितियों को 15 दिनों के भीतर अधिसूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद समितियां तुरंत क्षेत्रों का दौरा शुरू कर देंगी।
गौरतलब है कि दोनों राज्यों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 29 मार्च को नई दिल्ली में 12 विवादित क्षेत्रों में से छह में पांच दशक पुराने सीमा विवाद को समाप्त करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।
शर्मा ने कहा, ‘‘हम उम्मीद और प्रार्थना करते हैं कि पहले चरण की तरह दूसरा चरण भी सुचारू रूप से चलेगा और हम दोनों पक्षों के बीच किसी तरह का समाधान निकलेगा।’’

Shera Rajput