असम : ईवीएम छीनने की कोशिश कर रही भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने चलाईं रबड़ की गोलियां

Summary :

असम के उदलगुड़ी जिले में एक मतदान केंद्र पर भाजपा और उसकी सहयोगी यूपीपीएल पर ईवीएम से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने एक ईवीएम मशीन को छीनकर ले जाने का प्रयास किया जिस पर पुलिस ने रबड़ की गोलियां चला दीं और दो लोग घायल हो गये।

घटना कलईगांव के राजा पाखुड़ी एलपी स्कूल में बृहस्पतिवार रात को घटी। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दूसरे चरण के तहत मतदान समाप्त होने के कुछ ही देर बाद भीड़ मौके पर पहुंच गयी। 
उन्होंने बताया, ‘‘कुछ ही देर में 500 से ज्यादा लोग मौके पर पहुंच गये और उन्होंने भाजपा तथा यूपीपीएल के सदस्यों पर ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसे छीन कर ले जाने का प्रयास किया। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक पुलिस दल मौके पर पहुंचा। जब भीड़ को शांत नहीं किया जा सका तो बल ने रबड़ की गोलियां वला दीं। इसमें दो लोगों को मामूली चोट आई हैं।’’ 
बीपीएफ के उम्मीदवार दुर्गा दास बोरो ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में पुलिस टीम की देखरेख में ईवीएम को स्ट्रांगरूम में पहुंचाया गया। 

Ujjwal Jain