उत्तराखंड में शुरुआती रुझानों में BJP 46 सीटों पर आगे, कांग्रेस प्रत्याशी से 4081 मतों से पीछे CM धामी

Summary :

उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और सामने आ रहे रुझानों में बीजेपी 46 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 22 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है।

उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और सामने आ रहे रुझानों में बीजेपी 46 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 22 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, बहुजन समाज पार्टी एक और निर्दलीय दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन चंद्र कापडी से 4081 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर बीजेपी के मोहन सिंह बिष्ट से 2804 मतों से पीछे हैं।
चुनाव से पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य बाजपुर से बीजेपी प्रत्याशी राजेश कुमार से 1101 मतों से पीछे चल रहे हैं। निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और चकराता से अब तक अजेय रहे कांग्रेस के प्रीतम सिंह अपने निकटतम प्रत्याशी बीजेपी के रामशरण नौटियाल से 8862 मतों से आगे हैं।

Assembly Elections: निर्वाचन आयोग ने चुनाव जीतने पर जश्न मनाने और जुलूस निकालने पर लगे प्रतिबंध को हटाया

देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर आठ बार के विधायक रहे दिवंगत हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना से 16048 मतों से आगे चल रही हैं। पुष्कर धामी मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय गदरपुर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रेमानंद महाजन से 4345 मतों से आगे चल रहे हैं।
हालांकि, हरिद्वार शहर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी से 209 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत कांग्रेस के महेश चंद्र से 452 वोटों से पीछे हैं। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल जहां कांग्रेस प्रत्याशी ओम गोपाल से 1476 मतों से पीछे चल रहे हैं वहीं आपदा प्रबंधन मंत्री धनसिंह रावत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से 1011 मतों से पीछे हैं। उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान हुआ था जिसमें 65 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

Desk Team