देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु में भी चुनाव होने वाले हैं। शुक्रवार को डीएमके ने 6 अप्रैल को होने वाले चुनाव को लेकर 173 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस बार के चुनाव में डीएमके प्रमुख स्टालिन कोलाथुर सीट से ताल ठोकेंगे तो वहीं उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन चेपक-त्रिपलिकाने से चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी महासचिव दुरई मुरुगन कटपडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे जहां वन्नियार समुदाय प्रमुख है। सेंथिल बालाजी जिन्होंने एआईएडीएमके से एएमएमके और अब डीएमके का रुख किया है। वह राज्य के परिवहन मंत्री एम आर विजयभास्कर के खिलाफ करूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
संपत कुमार सलेम जिले में गाउंडर समुदाय के प्रभुत्व वाले इडापड्डी निर्वाचन क्षेत्र में मुख्यमंत्री के पलानीसामी के खिलाफ ठाल ठोंकेंगे। एएमएमके से डीएमके में शामिल हुए थंगा तमिलसेल्वन उप मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम के खिलाफ बोदिनायाकनुर सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
वरिष्ठ नेता पी त्यागराजन मदुरै केंद्रीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे, जबकि आईड्रिम सिनेमा मालिक, राममूर्ति रॉयपुरम सीट से मत्स्य मंत्री डी जयकुमार के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। पर्यावरण कार्यकर्ता कार्तिकेय सिवसेंपथी कोयंबटूर जिले के थोंडामुथुर निर्वाचन क्षेत्र में नगरपालिका प्रशासन मंत्री एस.पी. वेलुमनी के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
वेलुमनी एक जमीनी स्तर के राजनेता हैं, जो 2011 से निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जब 2006 में इस सीट से जीत हासिल की तब उनको पेरूर नाम दिया गया था। डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में कांग्रेस 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी छह-छह सीटें, भारतीय संघ मुस्लिम लीग तीन और एमएमके 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



