परशुराम जयंती के अवसर पर अहमदाबाद के वसना इलाके में लगाए गए बैनर-पोस्टर मंगलवार तड़के कथित रूप से फाड़ने के आरोप में पुलिस ने तीन बदमाशों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि वसना के लोगों ने भगवान परशुराम की जयंती के अवसर पर मंदिरों में महाआरती का आयोजन किया और सोमवार देर रात इसी संबंध में कुछ बैनर-पोस्टर लगाए थे।
पुलिस उपायुक्त भागीरथ सिंह जडेजा ने बताया, ‘‘वसना के चामुंडा नगर इलाके में जब वे लोग बैनर लगा रहे थे, उसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने आपत्ति जतायी और अपने क्षेत्र में ऐसे बैनर लगने पर नाराजगी जतायी। गुस्से में इन युवकों ने तड़के कुछ बैनर-पोस्टर फाड़ दिए और जिस बोर्ड पर परशुराम चौक लिखा था उसे भी तोड़ दिया।’’
जडेजा ने बताया कि आयोजकों से शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से एक नाबालिग सहित चार असामाजिक तत्वों की पहचान की।
डीसीपी ने बताया कि तीन वयस्कों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



