पश्चिम बंगाल में एक बम हमले में घायल हुये राज्य सरकार के मंत्री जाकिर हुसैन की हालत स्थिर है।अस्पताल के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है ।
प्रदेश के मुर्शीदाबाद जिले के निमतिता रेलवे स्टेशन पर बुधवार की रात अज्ञात लोगों ने हुसैन पर बम फेंका था । इससे वह घायल हो गये । हुसैन प्रदेश सरकार में श्रम राज्य मंत्री हैं । अधिकारी ने बताया, ‘‘उनकी हालत स्थिर है और उपचार का असर हो रहा है। बृहस्पतिवार को उनकी सर्जरी की गयी । हमारे वरिष्ठ चिकित्सक उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।’’
जंगीपुर के तृणमूल कांग्रेस विधायक को बृहस्पतिवार को यहां एसएसकेएम अस्पताल लाया गया था और ट्रॉमा केयर युनिट में भर्ती कराया गया था । अधिकारी ने बताया कि बम धमाके में घायल हुये 13 अन्य लोगों की स्थिति स्थिर है और उन लोगों का भी इलाज चल रहा है। पश्चिम बंगाल की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और विशेष कार्य बल मामले की जांच कर रहे हैं ।
प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया गया था कि हुसैन पर बम हमला, उन कुछ लोगों की साजिश का हिस्सा है जो एक दूसरी पार्टी में शामिल होने के लिये उन पर दबाव बना रहे हैं । पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने धमाके की जांच एनआईए से कराने की वकालत की है।


Download Android App
Download iOS App



