पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित हुए लोगों से मिलने कूचबिहार पहुंचे। गुरुवार को कूचबिहार पहुंचते ही राज्यपाल ने कहा कि मेरा कर्तव्य है कि मैं संविधान की रक्षा और उसे बनाए रखने तथा लागू कराने के लिए प्रयास करूं।
उन्होंने कहा, चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव हुआ। हिंसा केवल बंगाल में ही क्यों हुई? सरकारी तंत्र ने मुझे जानकारी नहीं दी। मैंने निर्णय किया कि मैं हर संभव कदम उठाऊंगा जिससे लोगों का हौसला बढ़े। हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों के राज्यपाल के निर्धारित दौरे की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को उन्हें पत्र लिखकर दावा किया कि संबंधित कदम क्षेत्रों के दौरे के मामले में उनके पूर्ववर्ती राज्यपालों द्वारा अपनाए गए दीर्घकालिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।
बनर्जी ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि धनखड़ राज्य सरकार के अधिकारियों से सीधे बात कर रहे हैं और उन्हें आदेश दे रहे हैं, जबकि उन्होंने पूर्व में उनसे ऐसा न करने का आग्रह भी किया था।मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा, ‘‘मुझे सोशल मीडिया से पता चला कि आप 13 मई को एकतरफा ढंग से कूचबिहार जा रहे हैं, दुखद, मुझे लगता है कि यह पिछले कई दशकों से चले आ रहे दीर्घकालिक नियमों का उल्लंघन है।’’


Download Android App
Download iOS App



