एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पथराव

Summary :

धार्मिक स्थल के प्रबंधन को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। धार्मिक स्थल पर हक जताने को लेकर जमकर लाठी डंडे चले और फिर पथराव हो गया।

मंगलौर : अकबरपुर ढाढेकी गांव में धार्मिक स्थल के प्रबंधन को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में धार्मिक स्थल पर हक जताने को लेकर जमकर लाठी डंडे चले और फिर पथराव हो गया। पथराव में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने लाठिया फटकारते हुए भीड़ को वहां से खदेड़ा। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर ढाढेकी गांव में बड़ी मस्जिद पर देवबंदी व बरेलवी समाज के लोग अपना-अपना हक जता रहे हैं। जिसके चलते दोनों पक्षों में इसे लेकर तनाव चल रहा है।

शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच जुमे की नमाज के बाद इस मामले को लेकर मस्जिद के बाहर वार्ता चल रही थी। दोनों पक्ष अपना इमाम यहां पर तैनात करने की बात को लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामले ने इस कदर तूल पकड़ा कि इनके बीच लाठी डंडे चल गए। संषर्घ की सूचना जैसे ही दोनों पक्षों के अन्य लोगों को हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गए और आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव हो गया। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने को इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। जिसके बाद ही मामला शांत हो सका।

संघर्ष में छह से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घायल कहां उपचार करा रहे हैं और इनके क्या नाम हैं इसके बारे में अभी पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं मिली है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसएसआइ चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस को इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी।

Desk Team