केरल में साक्षरता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सबसे बुजुर्ग महिला भागीरथी अम्मा का निधन हो गया। वह 107 वर्ष की थीं।पारिवारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक वृद्धावस्था में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण उनका निधन हुआ। उन्होंने गुरुवार देर रात अपने घर में ही अंतिम सांस ली। भागीरथी अम्मा
भागीरथी अम्मा ने दो साल पहले ही 105 वर्ष की उम्र में साक्षरता परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सराहना भी की थी। कोल्लम जिले के प्रक्कुलम की रहने वालीं भागीरथी को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
भागीरथी अम्मा ने 2019 में राज्य द्वारा संचालित केरल राज्य साक्षरता मिशन (केएसएलएम) द्वारा आयोजित चौथी कक्षा की समकक्ष परीक्षा में उत्तीर्ण होकर सबसे उम्रदराज छात्रा बनने का इतिहास रचा था। भागीरथी अम्मा राज्य साक्षरता मिशन द्वारा कोल्लम में आयोजित परीक्षा में शामिल हुई थीं और उन्होंने 275 में से 205 अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। गणित विषय में उन्हें पूरे अंक प्राप्त हुए थे।
गौरतलब है कि भागीरथी अम्मा को पारिवारिक परेशानियों के कारण नौ वर्ष की आयु में अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी। पढ़ाई के प्रति उनके जुनून की मोदी ने भी प्रशंसा की थी। प्रधानमंत्री ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में भी भागीरथी अम्मा के बारे में जिक्र किया था। भागीरथी अम्मा के परिजनों के मुताबिक वह 10वीं कक्षा की परीक्षा भी उत्तीर्ण करना चाहती थीं।


Download Android App
Download iOS App



