लोकसभा चुनावों के पहले राकांपा को शुक्रवार को उस समय झटका लगा जब उसकी प्रदेश इकाई की उपाध्यक्ष भारती पवार भाजपा में शामिल हो गयीं। इसके साथ ही कांग्रेस नेता प्रवीण छेड़ा भी सत्तारूढ़ दल में वापस लौट आए। दोनों नेता प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा अन्य पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।
भारती पवार 2014 के लोकसभा चुनाव में डिंडोरी सीट पर भाजपा के हरिश्चंद्र चव्हाण से हार गयी थीं। छेड़ा बृहन्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में तीन बार पार्षद रह चुके हैं और सात साल पहले वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
कहा जाता है कि स्थानीय विधायक प्रकाश मेहता के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ी थी। मेहता अभी प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। इस मौके पर फड़णवीस ने कहा कि राज्यसभा सदस्य संजय ककाड़े पार्टी में बने रहेंगे। उनकी टिप्पणी उन खबरों के संदर्भ में हैं जिनमें कहा गया था कि ककाड़े पार्टी से नाराज हैं और वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




