देश में भले ही तीन तलाक कानून खत्म हो गया हो, मगर मध्यप्रदेश की राजधानी की निवासी महिला को उसके एनआरआई पति ने फोन पर ही तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कहकर तलाक दे दिया है। जिसके बाद सूबे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।
राजधानी की निवासी महिला की शादी लगभग 19 साल पहले फैज आलम अंसारी से हुई थी। फैज वर्तमान में बेंगलुरु के एक होटल में मैनेजर हैं, उसने 12 जून को फोन पर तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। दोनों के दो बेटे हैं जो पति के पास ही है। महिला ने पुलिस में शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई है।
भोपाल में आज सुबह एक मुस्लिम बहन ने अपने पति द्वारा मोबाइल पर मैसेज भेजकर ट्रिपल तलाक़ दिए जाने को लेकर FIR दर्ज कराई है।
मैं उस बहन को विश्वास दिलाता हूँ कि मध्यप्रदेश पुलिस उन्हें न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करेगी।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 21, 2020
महिला की ओर से कोहेफिजा पुलिस थाने में की गई शिकायत में बताया गया है कि शादी के बाद दोनों सिंगापुर चले गए थे, वहां पांच साल रहे, फिर मलेशिया में रहने के बाद बेंगलुरु में आ बसे। उसके दो बेटे हैं। पिछले दिनों तबीयत खराब होने पर महिला ने अपनी मां को बेंगलुरु बुलाया। इसके बाद पति नाराज हुआ और उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला भोपाल आ गई, तो पति ने 12 जून को फोन करके तलाक दे दिया।
इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा, भोपाल में आज (शुक्रवार) सुबह एक मुस्लिम बहन ने अपने पति द्वारा मोबाइल पर मैसेज भेजकर ट्रिपल तलाक दिए जाने को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। मैं उस बहन को विश्वास दिलाता हूं कि मध्यप्रदेश पुलिस उन्हें न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करेगी। मैंने इस संदर्भ में पुलिस महानिदेशक से बात की है कि मध्यप्रदेश पुलिस, बेंगलुरु पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इस मामले में उचित कार्रवाई करे और हमारी मुस्लिम बहन को न्याय दिलाए।
चौहान ने आगे कहा, वर्षों की लड़ाई के बाद हमारी मुस्लिम बहनों के स्वाभिमान और न्याय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ट्रिपल तलाक खत्म करने का कानून बनाया, लेकिन अभी भी कुछ निकृष्ट लोग इस कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



