छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भारी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष भूपेश बघेल को संभवत: पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए चुन लिया है, और इसकी औपचारिक घोषणा रविवार को हो सकती है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री पद की दौड़ में चार दावेदारों-भूपेश बघेल, टी.एस. सिंह देव, ताम्रध्वज साहू और चरण दास महंत के बीच राहुल के आवास पर हुई बैठकों के बाद यह खबर बाहर आई है। कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी पी.एल. पुनिया भी बैठक में उपस्थित थे।
विश्वस्त सूत्रों ने कहा कि नेतृत्व का मुद्दा सुलझ गया है और नाम की औपचारिक घोषणा रविवार को रायपुर में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में की जाएगी। सूत्रों ने उन खबरों को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री पद के एक दावेदार साहू ने धमकी दी है कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज जल्द माफ होगा : राहुल
सूत्रों ने यह भी संकेत दिया कि राजस्थान की तरह छत्तीसगढ़ में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। दुर्ग जिले की पाटन विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले बघेल अक्टूबर, 2014 से पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं। पुनिया ने कहा कि रविवार को दोपहर 12 बजे नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी और उसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।
इसके पहले राहुल ने मुख्यमंत्री पद के चारों दावेदारों के साथ अपना एक चित्र साझा करते हुए अमेरिकी इंटरनेट उद्यम रीड हाफमैन के कथन का उद्धरण दिया था : ”आपका दिमाग और आपकी रणनीति चाहे कितना ही कुशल क्यों न हो, यदि आप अकेले खेलते हैं, तो एक टीम से आप हमेशा हार जाएंगे।”
राहुल ने इसके पहले मध्य प्रदेश के घोषित मुख्यमंत्री कमलनाथ और इस पद के दूसरे दावेदार ज्योतिरादित्य सिंधिया के चित्र, तथा राजस्थान के घोषित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट के चित्र भी ट्वीट किए थे। पायलट को उपमुख्यमंत्री घोषित किया गया है।


Download Android App
Download iOS App





