छत्तीसगढ़ से दिल्‍ली जाने वाले यात्री विमान से टकराया पक्षी, एयर इंडिया ने रद्द की उड़ान

Summary :

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित विमानतल से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय यात्री विमान से पक्षी टकरा गया। उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित विमानतल से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय यात्री विमान से पक्षी टकरा गया। उड़ान को रद्द कर दिया गया है। विमान में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह समेत 179 यात्री सवार थे। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि एयर ​इंडिया के विमान एआईसी 469 के उड़ान भरने के दौरान पक्षी उससे टकरा गया। घटना के बाद उड़ान को रद्द कर दिया गया है।
​अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 10.05 बजे एयर ​इंडिया का विमान नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। विमान जब रनवे पर था तब उससे पक्षी टकरा गया। घटना के बाद विमान को रोक लिया गया। जब विमानतल के अधिकारी और इंजीनियर वहां पहुंचे तो उन्हें वहां पक्षी के अवशेष मिले।
अधिकारियों ने बताया कि विमान में 179 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को उतार लिया गया है। विमान में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह भी मौजूद थी। ​सिंह के निजी कर्मचारियों ने बताया कि सिंह केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली जा रही थीं। विमानतल के अधिकारियों ने बताया कि पक्षी टकराने के कारण कई बार विमानों को नुकसान पहुंचता है। विमानतल में इंजीनियरों के द्वारा पूर्ण निरीक्षण के बाद ही विमान को हुए नुकसान के संबंध में सही जानकारी मिल सकेगी।
गौरतलब हैं कि फ्लाइट के चिड़िया से टकराने की बात पता चलते ही विमान में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। फ्लाइट के नीचे उतरते ही यात्रियों को सुरक्षित ढंग से एयरपोर्ट ले जाया गया। कुछ देर तक एयरपोर्ट में हंगामे का माहौल बना रहा. तब कहीं जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

Desk Team