BJP ने ट्वीट की हरीश रावत की मॉर्फ्ड तस्वीर, EC ने लगाई फटकार, नियमों का पालन करने की दी हिदायत

Summary :

निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की छेड़छाड़ कर तैयार की गई तस्वीर ट्वीट किए जाने के कारण भाजपा की उत्तराखंड इकाई को भविष्य में और अधिक सावधान रहने की चेतावनी दी है।

निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की छेड़छाड़ कर तैयार की गई तस्वीर ट्वीट किए जाने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई को भविष्य में और अधिक सावधान रहने की चेतावनी दी है और उसे आचार संहिता के सभी प्रावधानों का पालन करने की हिदायत दी है। दरअसल, पिछले हफ्ते निर्वाचन आयोग ने पूर्व मुख्यमंत्री रावत की छेड़छाड़ से तैयार की गई तस्वीर को ट्वीट करने के लिए भाजपा की उत्तराखंड इकाई को नोटिस जारी किया था। इस तस्वीर में रावत को एक मौलवी के रूप में दिखाया गया था।
BJP ने चुनाव आयोग को दिया जवाब 
बुधवार को जारी निर्वाचन आयोग के एक आदेश में कहा गया है कि प्रदेश भाजपा ने जवाब में बताया है कि ट्वीट का उद्देश्य न तो आदर्श आचार संहिता के किसी प्रावधान का उल्लंघन करना था और न ही धर्म, नस्ल, जाति और भाषा के आधार पर समूहों के बीच कोई मतभेद पैदा करना था। प्रदेश भाजपा ने आयोग को यह भी बताया कि ट्वीट को उसके आधिकारिक ट्विटर हैंडल से हटा दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे प्रदेश भाजपा का जवाब संतोषजनक नहीं लगा। 
निर्वाचन आयोग ने लगाई BJP को फटकार 
आदेश में कहा गया है कि फेसबुक के एक पोस्ट के संबंध में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, जो ‘‘अपने तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचेगी।’’ आदेश में कहा गया, ‘‘निर्वाचन आयोग भाजपा की उत्तराखंड इकाई को भविष्य में और अधिक सावधान रहने की चेतावनी देता है और आदर्श आचार संहिता के सभी प्रावधानों और आयोग के अन्य दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करने की हिदायत देता है।’’ उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को होगी।

यूपी: ‘ये लोग अभी से EVM पर सवाल उठाने लगे हैं’, पहले चरण की वोटिंग के बाद PM मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

Desk Team