प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दावा किया कि भाजपा, पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की ‘‘प्रताड़ना’’ से आजीज आ चुकी वहां की जनता की पहली पसंद के रूप में उभरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि असम की जनता केंद्र व राज्य में ‘‘डबल इंजन’’ की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार चाहती है। मोदी ने दोनों राज्यों में रविवार को चुनावी रैलियों को संबोधित किया था। उन्होंने ये रैलियां पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा और असम के बोकाखाट में की थी। मोदी ने इन रैलियों के मुख्य अंशों का अलग-अलग वीडियो भी ट्वीटर पर साझा किया।
एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘बांकुड़ा की रैली को मैं कभी नहीं भूल पाउंगा। पश्चिम बंगाल का संदेश साफ है-भाजपा राज्य की पहली पसंद है। पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस की प्रताड़ना से आजीज आ चुका है।’’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘असम राजग की डबल इंजन की सरकार केंद्र और राज्य में चाहता है। लोगों को इसके फायदे दिख रहे हैं और इसलिए वह सुशासन के हमारे एजेंडे का समर्थन कर रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



