भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने सीएए के बारे में कुछ न बोलने की हिदायत दी: नगालैंड के उपमुख्यमंत्री

Summary :

पट्टन ने उनकी मांग खारिज करते हुए कहा कि इस कानून से नगालैंड के लोग प्रभावित नहीं होंगे क्योंकि इनर लाइन परमिट वाले राज्यों को इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है।

कोहिमा : नगालैंड के उपमुख्यमंत्री वाई पट्टन ने शनिवार को कहा कि राज्य के भाजपा नेताओं से कहा गया है कि वे विवादित संशोधित नागरिकता कानून के बारे में एक शब्द भी नहीं बोलें। विधानसभा में विपक्षी नेता टी.आर. जेलियांग के सवाल के जवाब में पट्टन ने यह बात कही। 
जेलियांग ने पूछा था कि राज्य के भाजपा विधायक दिल्ली में सीएए पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई परामर्श बैठक में चुपचाप क्यों बैठे थे। भाजपा विधायक दल के नेता पट्टन ने कहा, ‘‘हमने एक शब्द भी इसलिए नहीं बोला क्योंकि हमारे केंद्रीय नेताओं ने हमें हिदायत दी है।’’ 
शनिवार को नगालैंड विधानसभा में विपक्षी एनपीएफ ने नए नागरिकता कानून के विरोध में हंगामा किया। उन्होंने केरल और बंगाल की तर्ज पर सीएए के विरोध में प्रस्ताव पारित करने की मांग की। पट्टन ने उनकी मांग खारिज करते हुए कहा कि इस कानून से नगालैंड के लोग प्रभावित नहीं होंगे क्योंकि इनर लाइन परमिट वाले राज्यों को इस कानून के दायरे से बाहर रखा गया है। 

Desk Team