कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हैं। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा अपनी संभावित विदाई का संकेत दे चुके हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के राज्य प्रभारी अरुण सिंह गुरुवार को नेतृत्व परिवर्तन के सवाल को टालते दिखे। दिल्ली में संवाददाताओं ने जब इस संबंध में उनकी प्रतिक्रिया पूछी तो उन्होंने कहा, ‘‘मेरा आप सभी को नमस्कार! हम किसी दिन साथ बैठेंगे और चर्चा करेंगे। हम साथ बैठकर चाय भी पीएंगे।’’
येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग करने वाले बागी विधायकों द्वारा तेवर कड़े किए जाने के बीच सिंह ने जून में बेंगलुरु जाकर पार्टी नेताओं, मंत्रियों और विधायकों से विचार विमर्श किया था। इसके बाद उन्होंने येदियुरप्पा के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि कर्नाटक सरकार उनके नेतृत्व में अच्छा काम कर रही है। सिंह ने कहा, ‘‘हमारे सभी कार्यकर्ता, मंत्री और विधायक एकजुट हैं और उनके बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है।’’
इसके बावजूद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा है। मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने गुरुवार को पहली बार अपनी संभावित विदाई का संकेत देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व 25 जुलाई को निर्देश देगा जिसका वह अनुपालन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के विश्वसनीय लोगों में हैं जिन्हें पार्टी ने 75 साल की उम्र होने के बावजूद राज्य का नेतृत्व करने का मौका दिया।


Download Android App
Download iOS App



