पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मंगलवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। ममता ने कहा कि जिस दिन लोगों को एक उचित विकल्प मिल जाएगा, उस दिन भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा। बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी को अन्य विपक्षी खेमों के साथ वैकल्पिक ताकत बनाने के लिए एक साथ आना चाहिए।
भाजपा पर जमकर बरसी ममता
उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा अब भी सत्ता में इसलिए है, क्योंकि कोई विकल्प नहीं है। जिस दिन विकल्प मिल जाएगा, उसे बाहर कर दिया जाएगा।’’ पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर पुन: निर्वाचित बनर्जी ने नयी राज्य समिति का गठन किया जिसमें ज्यादातर उनके वफादार शामिल हैं। पार्टी में पुराने नेताओं और युवा नेताओं के बीच सत्ता को लेकर चल रहे कथित संघर्ष के बीच यह समिति गठित की गयी है।
पार्थ चटर्जी को महासचिव पुन: नियुक्त किया गया
टीएमसी सुप्रीमो ने सुब्रत बख्शी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष और पार्थ चटर्जी को महासचिव पुन: नियुक्त किया। उन्होंने राज्य के पूर्व वित्त मंत्री अमित मित्रा और 19 प्रदेश महासचिवों समेत करीब 20 उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए। बैठक में टीएमसी के राजनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर भी मौजूद थे और उन्हें पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मंच साझा करते हुए देखा गया।


Download Android App
Download iOS App



