कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को भारतीय कहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने कहा कि “भारत महान नहीं, बदनाम है।” उनके इस बयान पर बीजेपी चौतरफा से हमलावर हो गई है। कमलनाथ ने यह टिप्पणी देश में कोरोना महामारी के हालात को लेकर की।
कमलनाथ ने अपने बयान ने कहा, भारत महान नहीं, भारत बदनाम है। सब देशों ने रोक लगाई है कि भारत के लोग नहीं आ सकते। उन्होंने कहा कि उन्हें अमेरिका से किसी ने फोन कर कहा कि भारतीय लोग जो वहां टैक्सी चलाते हैं, कोरोना की वजह से उनमें कोई बैठने को तैयार नहीं है। भारत की इतनी बदनामी हो गई है।
कमलनाथ के इस बयान पर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट करते हुए कहा, कमलनाथ जी मेरा भारत महान था, महान है और महान ही रहेगा लेकिन चीनी दिमाग से सोचने और इटालियन चश्मे से देखने वालों को यह नज़र नहीं आएगा। आप जैसों को तो गोस्वामी तुलसीदास जी कहकर गये हैं ‘जाको प्रभु दारुण दुःख देही, ताकि मति पहले हर लेही।’
.@OfficeOfKNath जी मेरा भारत महान था, महान है और महान ही रहेगा लेकिन चीनी दिमाग से सोचने और इटालियन चश्मे से देखने वालों को यह नज़र नहीं आयेगा।
आप जैसों को तो गोस्वामी तुलसीदास जी कहकर गये हैं
‘जाको प्रभु दारुण दुःख देही, ताकि मति पहले हर लेही।’ pic.twitter.com/OUw7BGuoyr— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) May 28, 2021
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कमलनाथ के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए। क्या आप कमलनाथ के बयान से सहमत हो? सत्ता जाने के बाद लगता है कमलनाथ ने मानसिक संतुलन खो दिया है। कमलनाथ ने इसी धरती पर जन्म लिया और कह रहे हैं कि भारत बदनाम है। पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी क्या वे ऐसी कांग्रेस चाहते थे।
उन्होंने कहा,सोनिया गांधी को मौन तोड़ना पड़ेगा। आप साफ करें कि कमलनाथ गलत है। अगर गलत है तो उन्हें पार्टी से बाहर करो या फिर आप कह दीजिए कि आप कमलनाथ के बयान से सहमत है। मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, जो लोग एक परिवार की चाटुकारिता करते हुए राजनीति करना चाहते हैं, वे इस तरह के बयान देंगे। कमलनाथ जी भारत महान है। आपने और आपकी पार्टी ने भारत की स्थिति को कमजोर करने की कोशिश जरूर की। आप पाकिस्तान और चीन का एजेंडा लेकर राजनीति करना चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



