BJP सदस्यों ने TMC के गुंडों का दिलेरी से मुकाबला किया, ममता ने बंगाल को हिंसा में शीर्ष पर पहुंचाया: पात्रा

Summary :

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाद हुई हिंसा से राज्य में मानवीय संकट पैदा होने का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों का दिलेरी से मुकाबला करने को लेकर भगवा पार्टी के सदस्यों की सराहना की जानी चाहिए।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाद हुई हिंसा से राज्य में मानवीय संकट पैदा होने का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों का दिलेरी से मुकाबला करने को लेकर भगवा पार्टी के सदस्यों की सराहना की जानी चाहिए। 
भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका टिबरीवाल के लिए दिन में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार करने वाले पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य में दो मई को विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद महिलाओं से उनके बच्चों के सामने बलात्कार किया गया और भाजपा कार्यकर्ताओं को फंदे से लटका दिया गया या टीएमसी के बदमाशों ने बुरी तरह से पीटा।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘ममता बनर्जी एक चीज का श्रेय ले सकती हैं, पश्चिम बंगाल के चुनाव बाद की हिंसा के मामले में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचने का। तृणमूल के गुंडों द्वारा मारे गए, पीटे गए या बलात्कार का शिकार बनाई गईं असंख्य भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की कोशिश करने के लिए न्यायपालिका को सलाम।’’
पात्रा ने कहा, ‘‘यदि आप (तृणमूल कांग्रेस) जीतते हैं तो क्या आपको अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को प्रताड़ित करना चाहिए? क्या लोकतंत्र में यही होता है? और ममता दीदी लोकतंत्र के बारे में बात किया करती हैं। ’’ उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के आतंक का दिलेरी से मुकाबला करने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की जानी चाहिए। 
मुख्यमंत्री से दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं की माताओं के क्रंदन को सुनने का अनुरोध करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भवानीपुर में चुनाव के नतीजे जो कुछ भी हों, कृपया उनके आंसुओं की अनदेखी ना करें। ’’ भवानीपुर उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उम्मीदवार हैं। राज्य के कृषि मंत्री शोभनदेब चटोपाध्याय ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के शीघ्र बाद यह सीट (भवानीपुर) खाली कर वहां उपचुनाव कराये जाने का मार्ग प्रशस्त कर दिया था। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में ममता को नंदीग्राम सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। 
पात्रा ने भवानीपुर के लेडिज पार्क इलाके में स्थानीय लोगों के साथ चाय पे चर्चा की। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को धमकी दी गई है कि यदि वे तृणमूल कांग्रेस को वोट नहीं देंगे तो उन्हें इसके अंजाम भुगतने होंगे। हालांकि, पात्रा के आरोपों का खंडन करते हुए तृणमूल कांग्रेस नेता एवं परिवहन मंत्री फरहाद हकीम ने कहा कि भाजपा चुनाव के बाद हुई छिटपुट घटनाओं को लेकर एक झूठा विमर्श गढ़ रही है, जबकि असल में बंगाल में स्थिति भाजपा शासित उत्तर प्रदेश से कहीं बेहतर है। 

Desk Team