मुस्लिम युवक का सिर कलम करने की टिप्पणी करने वाले भाजपा सांसद पर मामला दर्ज

Summary :

सांसद की कथित टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी क्योंकि यह उनकी (समुदाय की) भावनाओं को आहत करता है।

आदिवासी लड़कियों का पीछा करने वाले मुस्लिम युवकों का सिर कलम करने की कथित टिप्पणी करने वाले आदिलाबाद से भाजपा सांसद सोयम बापू राव के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। 
आदिलाबाद जिले में 14 जून को एक बैठक में की गई राव की इस कथित टिप्पणी का एक वीडियो सोमवार से इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 
पुलिस ने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं के एक समूह ने आदिलाबाद पुलिस को एक ज्ञापन देकर भाजपा सांसद की कथित टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी क्योंकि यह उनकी (समुदाय की) भावनाओं को आहत करता है। 
आदिलाबाद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांचा मोहन ने बताया कि कानूनी राय मांगने के बाद मंगलवार को पुलिस ने सांसद के खिलाफ आईपीसी की धारा 506(आपराधिक धमकी) और 294 (अश्लील हरकत) के तहत एक मामला दर्ज किया है। 
दरअसल, वीडियो में राव को यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘मैं मुस्लिम युवकों को एक चीज कहना चाहता हूं कि यदि आप आदिवासी लड़कियों का पीछा करेंगे तो आपका सिर कलम कर दिया जाएगा।’’ 
वीडियो में यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘…जिले में मैं अल्पसंख्यक युवा भाइयों से अनुरोध करता हूं कि हमारी लड़कियों का (वे) पीछा नहीं करें। यदि हमने आपका पीछा करना शुरू कर दिया तो आपके लिए मुश्किल हो जाएगी।’’ 

Desk Team