भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन को तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर छह अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए शनिवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पिछले साल अगस्त में कोविड-19 के संक्रमण से कांग्रेस सांसद एच वसंत कुमार के निधन के कारण यह उपचुनाव हो रहा है।
भाजपा ने शुक्रवार रात दक्षिण भारत में अपनी सहयोगी अन्नाद्रमुक से राज्य में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे के मुद्दे पर समझौता किया। अन्नाद्रमुक ने भाजपा को कन्याकुमारी लोकसभा सीट के साथ 20 विधानसभा सीटें दी हैं और चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को पूरा समर्थन देने की बात कही है।
राधाकृष्णन 2014 में कन्याकुमारी लोकसभा सीट से विजयी रहे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में राज्य मंत्री बने थे। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें इसी संसदीय क्षेत्र में कुमार से शिकस्त मिली थी। राधाकृष्णन वित्त एवं जहाजरानी राज्य मंत्री रहे थे। वह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



