बाबुल सुप्रियो के साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ बीजेपी का कोलकाता में प्रदर्शन

Summary :

बाबुल सुप्रियो को यादवपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार को काले झंड़े दिखाए गए और छात्रों के एक दल ने उन्हें घेरकर तंग किया।

बीजेपी ने शुक्रवार को कोलकाता में एक रैली कर केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के साथ यादवपुर विश्वविद्यालय में हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वरिष्ठ बीजेपी नेता सयंतन बसु और राजू बनर्जी ने प्रदेश बीजेपी कार्यालय से मध्य कोलकाता तक विरोध यात्रा की अगुवाई की। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता पोस्टर और तख्तियां लिए हुए थे, जिनमें हमले की निंदा की गई। 
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। बसु ने कहा, ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय के भाड़े के ट्टुओं को जमकर पीटना चाहिए। कल हुई घटना को माकपा और तृणमूल कांग्रेस ने मिलकर अंजाम दिया।” बाबुल सुप्रियो को यादवपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार को काले झंड़े दिखाए गए और छात्रों के एक दल ने उन्हें घेरकर तंग किया। 
इसके चलते पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप घनखड़ को भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचना पड़ा। धनखड़ विश्वविद्यालय के कुलपति भी हैं और उन्हें भी आंदोलनकारियों के प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। विश्वविद्यालय सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर वामपंथी दलों से जुड़े हैं और कुछ तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद से भी जुड़़े हैं। पुलिस की मदद से राज्यपाल और सुप्रियो हालांकि वहां से निकलने में कामयाब रहे। 

Desk Team