महाराष्ट्र में बीजेपी ने ओबीसी समुदाय के लिए राजनीतिक आरक्षण के मुद्दे को लेकर उद्धव सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को जालना रोड पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अमरप्रीत चौक पर उद्धव सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अमरप्रीत चौक पर नारे लगाए जिसके बाद उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उन्हें क्रांति चौक पुलिस थाने ले जाया गया। बीजेपी की प्रदेश इकाई के महासचिव अतुल सावे ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार ने विरोध प्रदर्शन को बलपूर्वक दबाने का काम किया।
बीजेपी जिला इकाई के अध्यक्ष संजय केनेकर ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने पहले भी मराठा समुदाय को मूर्ख बनाया था और अब वे ओबीसी समुदाय को बेवकूफ बना रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने राज्य सरकार से अपील की थी कि वह ओबीसी जनसंख्या को लेकर कोर्ट में आंकड़े पेश करे। राज्य सरकार ने उस पर ध्यान नहीं दिया और समुदाय को न्याय नहीं मिला।’’
पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि बीजेपी ने वैजापुर, गंगापुर, खुलताबाद, कन्नड, सिल्लोड, फुलंबरी और जिले के अन्य हिस्सों में इसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की योजना बनायी।


Download Android App
Download iOS App



