उत्तराखंड के बागेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। एक बार फिर बीजेपी ने अपनी जीत बरकरार रखी है। बीजेपी की पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को 2405 वोटों से शिकस्त दी है। इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस में सीधी टक्कर देखने को मिली है। कांटे की टक्कर के बावजूद बीजेपी ने अपनी इस सीट को कांग्रेस के पास जाने नहीं दिया।
इस सीट पर बीजेपी प्रत्याशी पार्वती दास ने अपनी जीत के लिए बागेश्वर की जनता का आभार जताया है। बीजेपी प्रत्याशी पार्वती दास की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बीजेपी प्रत्याशी पार्वती दास को जीत की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, बाबा बागनाथ की पवित्र भूमि बागेश्वर की देवतुल्य जनता को भारतीय जनता पार्टी पर पुनः विश्वास जताने पर हृदयतल से आभार।
उन्होंने कहा कि यह विजय मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों की हमारी सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। इस उपचुनाव में बागेश्वर की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और राज्य सरकार की नीतियों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है। सीएम ने कहा कि यह जीत स्व. चंदनराम दास को श्रद्धांजलि है। उनके समय के रूके हुए कार्यों और उनके सपनों को पूरा किया जाएगा। सीएम ने बीजेपी प्रत्याशी पार्वती दास और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को बधाई दी।


Download Android App
Download iOS App



