भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को आरोप लगाया कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की राजनीति में भगवान राम की जगह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ले ली है।
उद्धव द्वारा महाराष्ट्र में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के स्वागत के लिए कांग्रेस की ओर से भेजे गए निमंत्रण को स्वीकार करने के बाद भाजपा ने अपने पूर्व सहयोगी पर तंज कसते हुए यह टिप्पणी की।
मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा, “उद्धव ठाकरे कभी अपनी पार्टी की खातिर भी घर से बाहर नहीं निकले, लेकिन अब उन्होंने राहुल गांधी का स्वागत करने का फैसला किया है।”
उन्होंने कहा कि उद्धव के पिता, शिवसेना के दिवंगत संस्थापक बालासाहेब ठाकरे यह सुनिश्चित करते थे कि अहम हस्तियां उनके आवास का दौरा करें, लेकिन ‘अब समय बदला ले रहा है और उद्धव ठाकरे को राहुल के स्वागत के लिए नांदेड़ जाना पड़ रहा है।’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “यह, उद्धव के लिए ‘मुंह में राम, बगल में राहुल’ जैसा है। उद्धव कभी हिंदुत्व के लिए सड़कों पर नहीं उतरे और न ही भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी द्वारा आयोजित रथ यात्रा में शामिल हुए।”
महाराष्ट्र में लगभग तीन दशक तक एक-दूसरे की सहयोगी रहीं भाजपा और शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद को लेकर हुए विवाद के बाद 2019 में अपनी राहें अलग कर ली थीं।


Download Android App
Download iOS App



