कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में हार गये हैं, लेकिन इससे पहले 2000 और 1997 में हुए पार्टी के शीर्ष पद के दो चुनावों में पराजित होने वाले प्रत्याशियों से अधिक वोट हासिल करने में वह सफल रहे हैं।
थरूर को मिले 1,072 वोट
कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बुधवार को घोषणा की कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 9,385 मत पड़े जिनमें से वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को 7,897 वोट मिले और थरूर को 1,072 वोट मिले, वहीं 416 वोट अमान्य करार दिये गये।
थरूर को कुल पड़े वैध मतों में से करीब 12 प्रतिशत वोट मिले।
जानिए ! किसको मिले थे कितने वोट
इससे पहले 2000 में हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में सोनिया गांधी के मुकाबले जितेंद्र प्रसाद ने किस्मत आजमाई थी। सोनिया को उस चुनाव में 7,448 मत मिले थे, जबकि प्रसाद को केवल 94 वोटों के साथ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले 1997 में हुए त्रिकोणीय मुकाबले में शरद पवार और राजेश पायलट के मुकाबले सीताराम केसरी की विजय हुई थी। केसरी को 6,224 वोट मिले थे, वहीं पवार को 882 और पायलट को केवल 354 वोट मिले थे।
थरूर ने चुनाव के बाद हार स्वीकार करते हुए और मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘एक हजार से अधिक सहयोगियों का समर्थन मिलना सम्मान की बात है।’’


Download Android App
Download iOS App



