कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बीजेपी राज्य में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार को सत्ता से बेदखल करने की नए सिरे से कोशिश कर रही है, लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगी। सरकार गिराने के कथित खेल को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग बढ़ने पर परमेश्वर ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के असंतुष्ट विधायकों की बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की व्यवस्था कराने की कोशिशें चल रही है।
उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने आरोप लगाया, ‘‘बीजेपी विधायकों की खरीद फरोख्त में माहिर है। वे पिछली बार इसे साबित कर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने कोशिश (सरकार गिराने की) की, लेकिन वे अपनी कोशिश में नाकाम रहे। एक बार फिर से वे नये सिरे से कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी पार्टी के कुछ विधायकों को लुभाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि उन्होंने उनके नामों का खुलासा करने से इनकार कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास यह सूचना है कि वे कोशिशें (सरकार गिराने की) कर रहे हैं लेकिन वे सफल नहीं होंगे।’’ जी परमेश्वर ने कहा, ‘‘सरकार सुरक्षित है और दहशत में आने की कोई जरूरत नहीं है।’’ कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक रमेश जरकीहोली के दिल्ली में डेरा डाले रहने की खबरों के बीच परमेश्वर ने यह आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि रमेश को हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल में किए गए फेरबदल के तहत हटा दिया गया था। वहीं, बीजेपी ने सोमवार को कहा कि वह कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिराने की कोशिश नहीं कर रही है। प्रदेश बीजेपी प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने यह मांग की है कि कांग्रेस अपने दावे को साबित करने के लिए सबूत पेश करे। कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया ने कहा कि वह उपयुक्त समय पर सबूत पेश करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



