पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की तारकेश्वर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाये जाने के कुछ ही मिनट बाद भाजपा के राज्यसभा सदस्य स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के ‘सिंडिकेट राज’ को खत्म करना चाहती है।
दासगुप्ता ने बाहर रह रहे राज्य के लोगों से कहा कि वे ‘‘आर्थिक मदद’’ दें एवं ‘‘सोनार बांग्ला’’ (स्वर्णिम बंगाल) बनाने में भाजपा की मदद करें। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के हालात से हम सभी वाकिफ हैं। हिंसा एवं अवैध वसूली का माहौल है…इसे हम खत्म करना चाहते हैं। भाजपा सुनिश्चित करेगी कि बंगाल के लोगों को शांति से रहने को मिले।’’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता आमतौर पर ममता बनर्जी और उनके नेताओं पर कथित तौर पर आमजन से अवैध वसूली करने वाले कई सिंडिकेट और क्लब को संरक्षण प्रदान करने का आरोप लगाते रहे हैं। दासगुप्ता ने कहा कि कि राज्य में ‘‘रोजगार के अवसर खत्म हो गए हैं’’ और प्रतिभाशाली युवा नौकरियों और उच्च शिक्षा के लिए बाहर जा रहे हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘बंगाल की सांस्कृतिक धरोहर तारकेश्वर केंद्र से पश्चिम बंगाल भाजपा द्वारा मुझे उम्मीदवार बनाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ’’


Download Android App
Download iOS App



