पश्चिम बंगाल में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि वह चार अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इससे सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
टीएमसी ने पिछले हफ्ते सुष्मिता देव को उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था जो हाल ही में कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी में शामिल हुई थीं। असम के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिवंगत संतोष मोहन देव की बेटी सुष्मिता देव कांग्रेस की महिला इकाई की प्रमुख थीं। सुष्मिता के करीबी सूत्रों ने बताया कि उनके सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है।
पश्चिम मेदिनीपुर के सबांग से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद टीएमसी के मानस भूइयां ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस कारण उपचुनाव कराना पड़ा। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा किसी उम्मीदवार को नामित नहीं करेगी। परिणाम पहले से निर्धारित है। हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि अनिर्वाचित मुख्यमंत्री एक बार फिर से अनिर्वाचित हो जाएं। जय मां काली।’’
नंदीग्राम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने वाले अधिकारी परोक्ष रूप से कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी के उपचुनाव लड़ने का जिक्र कर रहे थे। जुलाई में राज्यसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया था। टीएमसी उम्मीदवार और प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जवाहर सरकार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



