पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में दो स्थानों पर BJP कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत

Summary :

भाजयुमो ने आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल के लोगों से किए गए वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया और सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी तक नहीं पहुंचा।

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सोमवार को दो स्थानों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के साथ भिड़ंत हुई। यह भिड़ंत कार्यकर्ताओं तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के ‘‘कुशासन’’ के खिलाफ रैली निकाल राज्य सचिवालय की शाखा ‘उत्तरकन्या’ की ओर बढ़ने के प्रयास के दौरान हुई। 
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने ‘उत्तरकन्या अभिजन’ के तहत दो स्थानों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए थे। भाजयुमो ने आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल के लोगों से किए गए वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया और सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी तक नहीं पहुंचा। 
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इलाके में लगाए गए बांस के बैरिकैड को आग के हवाले कर दिया। 
फुलबारी बाजार में एक रैली का नेतृत्व करने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ‘‘भाजपा के उभार’’ से डरकर सरकार दमनकारी नीति अपना रही है। घोष ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन ने लोकतांत्रिक प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरे सिलीगुड़ी में कई स्थानों पर बैरिकैड लगा दिए। 
तीन बत्ती मोड़ के पास दूसरी रैली का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने किया और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दो जगह पुलिस की घेराबंदी को तोड़ दिया, हालांकि वे तीसरी घेराबंदी को तोड़ आगे नहीं बढ़ पाए। यहां से उत्तरकन्या केवल एक किलोमीटर की दूर है। 

Desk Team