नयी दिल्ली : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा शिवसेना गठबंधन के एक बार फिर बहुमत के करीब पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जनता ने फिर से ‘भरपूर आशीर्वाद’ दिया है, यह अभिभूत करने वाला है। मोदी ने चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार देर शाम घोषित चुनाव परिणाम और रुझान के आधार पर महाराष्ट्र में बहुमत के करीब पहुंचने के बाद बाद ट्वीट कर कहा कि राजग एक बार फिर जनसमर्थन मिलने से अभिभूत है।
उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र की तरक्की की दिशा में हमारा काम जारी रहेगा। मैं भाजपा और शिवसेना सहित समूचे राजग के प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके कठोर परिश्रम के लिये सलाम करता हूं।’’
त्रिशंकु विधानसभा की ओर अग्रसर हरियाणा के चुनाव परिणाम का भी जिक्र करते हुये मोदी ने भाजपा को जनता का ‘आशीर्वाद’ मिलने के लिये मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उसी लगन और निष्ठा से राज्य के विकास के लिये अपना काम जारी रखेंगे। मैं भाजपा की हरियाणा इकाई के कार्यकर्ताओं की भी सराहना करता हूं जो व्यापक रूप से लोगों के बीच में गये और हमारे विकास के एजेंडे से उन्हें अवगत कराया।’’
उल्लेखनीय है कि देर शाम घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक भाजपा ने महाराष्ट्र में 77 और शिव सेना ने 47 सीट जीत ली थीं। जबकि हरियाणा में भाजपा बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे रहते हुये 33 सीट जीतने में कामयाब रही और सात सीट पर आगे चल रही है।


Download Android App
Download iOS App



