मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के खरगापुर थाना इलाके एक परिवार के 5 लोगों के शव फांसी से लटके मिले। राज्य सरकार की नौकरी से सेवानिवृत्त हुए एक व्यक्ति सहित उसके परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी प्रशांत खरे मौके पर पहुंचे।
एसपी प्रशांत खरे ने बताया, ‘‘खरगापुर में आज सुबह धर्मदास सोनी (62) के परिवार के सभी पांच सदस्यों के शव पुलिस ने फांसी पर लटके हुए बरामद किए हैं।’’ उन्होंने कहा कि मृतकों में धर्मदास सोनी, उनकी पत्नी पूना (55), उनका बेटा मनोहर (27), बहू सोनम (25) एवं चार साल का पोता सान्निध्य शामिल हैं।
खरे ने कहा कि जब परिवार के सदस्य सुबह देर तक नहीं जागे, तो उनके पड़ोसियों ने खरगापुर पुलिस थाने को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि जिस कमरे में ये लोग मृत पाये गये हैं, उस कमरे में अंदर से ताला लगा था और कुंडी को तोड़कर पुलिस ने दरवाजा खोला।
खरे ने बताया कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि हम विभिन्न कोणों से उनकी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।


Download Android App
Download iOS App



