मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ले ली है। अमिताभ बच्चन (78) ने अपने ब्लॉग पर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके बेटे अभिषेक बच्चन के अलावा परिवार के सभी सदस्यों ने कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ले ली है।
बिग बी ने लिखा,‘‘टीका लगवा लिया…. सब ठीक है…. परिवार और कर्मचारियों की कल कोविड-19 संबंधी जांच कराई थी….आज उसकी रिपोर्ट आई… संक्रमित ना होने की पुष्टि हुई है…. इसलिए आज टीका लगवा लिया।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘अभिषेक बच्चन के अलावा परिवार के सभी सदस्यों ने टीका लगवा लिया है… वह शूटिंग पर है और लौटने पर जल्द ही टीका लगवा लेगा।’’
अभिनेता ने टीका लगवाते हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की। अभिषेक बच्चन इन दिनों आगरा में फिल्म ‘दसवीं’ की शूटिंग कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले साल अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, बहू एश्वर्या राय बच्चन और उनकी पोती अराध्या बच्चन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। सलमान खान, संजय दत्त, शर्मिला टैगोर, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, मोहनलाल, जीतेंद्र, कमल हासन, नागार्जुन, रोहित शेट्टी, नीना गुप्ता, राकेश रोशन और जॉनी लीवर जैसे कई फिल्मी सितारे कोविड-19 रोधी टीके लगावा चुके हैं।



Download Android App
Download iOS App



