भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की एक रिपोर्ट में उल्लेख किये गए कथित ‘अनियमितताओं’ के आरोपों को बुधवार को खारिज कर दिया।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने कहा कि संबद्ध कार्यों की निविदाएं पूर्ववर्ती कांग्रेस-राकांपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2014 तक जारी की गई थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह सीएजी की पूरी रिपोर्ट पढने के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी कर पाएंगे।
मीडिया में आई कुछ खबरों के मुताबिक, 31 मार्च 2018 को खत्म हुए वित्त वर्ष की अपनी रिपोर्ट में सीएजी ने फडणवीस सरकार के कार्यकाल के दौरान किए गए मेट्रो रेल, अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा और नेहरू शहरी रेलवे (नवी मुंबई) के कार्यों में खामियों को उजागर किया है।
पिछले हफ्ते राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सीएजी रिपोर्ट पर कथित तौर पर चर्चा हुई थी। फडणवीस ने कहा, ” रिपोर्ट अब तक विधानसभा के पटल पर नहीं रखी गई है। पटल पर रखे जाने के बाद इस पर बात करेंगे। यह रिपोर्ट वर्ष 2013 के दौरान की है।”


Download Android App
Download iOS App



