कोलकाता : कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में भड़काऊ नारे लगाने के आरोप में भाजपा के एक और कथित समर्थक को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में यह छठी गिरफ्तारी है। गौरतलब हो कि बीते दिनों गृहमंत्री अमित शाह की कोलकाता में रैली थी और उसी रैली में समर्थकों पर भड़काऊ नारे लगाने का आरोप है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि उत्तर 24 परगना जिले के सोडेपुर में घोला के रहने वाले 50 वर्षीय प्रशांत सरकार को मंगलवार देर रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। आईपीएस अधिकारी ने बताया, “ सरकार को उन लोगों के साथ देखा गया था जो रविवार को नारे लगा रहे थे। हमने उसे कल रात गिरफ्तार कर लिया। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।”
पांच अन्य गिरफ्तार “भाजपा समर्थकों’’ की तरह सरकार के खिलाफ भी समुदायों के बीच शत्रुता बढ़ाने, शांति और सौहार्द में खलल डालने, लोगों को डराने-धमकाने समेत अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया है। कोलकाता पुलिस पिछले दो दिनों में इस सिलसिले में संदीप सोनकर और सुजीत बरूआ को गिरफ्तार कर चुकी है। उनकी पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की गई थी। आरोप है कि इन लोगों ने ‘देश के गद्दारों को… ’ नारा लगाया।


Download Android App
Download iOS App



