सेकेंड हैंड कार की जांच के दौरान अचानक खुला Airbag, 25 वर्षीय कार डीलर की दर्दनाक मौत

Summary :

मुंबई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल,  मीरा रोड इलाके में सेकेंड हैंड कार की जांच कर रहे 25 वर्षीय यूज्ड कार डीलर की एयरबैग खुलने (Car Airbag Death Incident) से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कार की तकनीकी जांच के दौरान अचानक स्टीयरिंग में लगा एयरबैग खुल गया और उसका कवर युवक की गर्दन पर तेज रफ्तार से आकर लगा। गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित सुरेश सोनी के…

मुंबई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल,  मीरा रोड इलाके में सेकेंड हैंड कार की जांच कर रहे 25 वर्षीय यूज्ड कार डीलर की एयरबैग खुलने (Car Airbag Death Incident) से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कार की तकनीकी जांच के दौरान अचानक स्टीयरिंग में लगा एयरबैग खुल गया और उसका कवर युवक की गर्दन पर तेज रफ्तार से आकर लगा। गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित सुरेश सोनी के रूप में हुई है,  जिसकी उम्र 25 साल थी। वह मीरा रोड की टियारा हिल्स हाउसिंग सोसाइटी में रहता था और सेकेंड हैंड कारों की खरीद-बिक्री का काम करता था। वह कार खरीदने से पहले उसकी हालत और तकनीकी स्थिति की जांच कर रहा था।

Airbag Accident: अचानक खुल गया एयरबैग

(credit social media )
(credit social media )

पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर काशीमीरा इलाके के प्लेजेंट पार्क सोसाइटी के पास मोहित एक कार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना किसी दुर्घटना के स्टीयरिंग में लगा एयरबैग अचानक खुल गया। एयरबैग के साथ उसका कवर भी तेज गति से बाहर निकला और सीधे मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से से टकरा गया। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी गर्दन से काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

25-Year-Old Dies: अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

 (credit social media )
(credit social media )

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित को तुरंत भायंदर स्थित पंडित भीमसेन जोशी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। काशीमीरा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि एयरबैग बिना किसी टक्कर के आखिर क्यों खुल गया। मृतक के भाई कुलदीप सोनी ने भी पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे की असली वजह सामने आनी चाहिए।

Mumbai News: पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने बताया कि कार की तकनीकी जांच के लिए ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की मदद ली जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कहीं एयरबैग सिस्टम में पहले से कोई खराबी तो नहीं थी या फिर उसमें पहले कभी मरम्मत या बदलाव किया गया था। इसके अलावा पुलिस कार के पुराने मालिक का भी पता लगा रही है। यह भी जांच होगी कि क्या इस कार में पहले कभी एयरबैग से जुड़ी कोई शिकायत सामने आई थी।

फिलहाल पुलिस सभी तकनीकी तथ्यों की जांच कर रही है। एक्सपर्ट और RTO की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि एयरबैग अचानक खुलने के पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई दूसरी वजह।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में चलती बाइक से गिरा 4 महीने का मासूम, नशे में धुत माता-पिता को 400 मीटर तक नहीं लगा पता

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।