टिहरी : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले टिहरी में निर्वाचन आयोग की टीम ने एक कार से भारी नकदी बरामद की। निर्वाचन आयोग की तरफ से गठित निगरानी टीम ने तलाशी के दौरान एक कार से 58 लाख रुपये बरामद किए हैं। नकदी ले जा रहे लोग इस संबंध में सही जानकारी नहीं दे पाए, जिसके बाद जांच टीम ने बरामद नकदी को जब्त कर लिया है। दरअसल उत्तराखंड में चुनावी माहौल के बीच निर्वाचन आयोग ने सख्ती बड़ा दी है। जगह-जगह वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
टिहरी में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर तहसील मोड़ के पास निगरानी टीम गाड़ियों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक कार श्रीनगर की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस कार की तलाशी ले रही थी, कि तभी एक बैग को खोलते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। बैग में लाखों की नकदी भरी हुई थी। बैग से कुल 58 लाख 13 हजार 400 रुपये बरामद हुए। इस संबंध में पुलिस ने कार में बैठे देहरादून निवासी गोपाल भारद्वाज और प्रेम सिंह नाम के युवकों से पूछताछ की तो वो पुलिस के सवालों का सही जवाब नहीं दे सके।
हालांकि युवकों ने ये जरूर बताया कि विजयनगर अगस्त्य मुनि में दो दिन से बैंक बंद होने के कारण लेनदेन नहीं हो पाया है, जिस वजह से वो ये रकम देहरादून ले जा रहे थे। इस पर पुलिस ने युवकों से नकदी को लेकर दस्तावेज दिखाने को कहा तो वो घबरा गए। दोनों युवक नकदी संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाए, जिस वजह से जांच टीम ने बरामद राशि को जब्त कर लिया है। पुलिस ने लाखों की नकदी बरामद होने की सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी को भेज दी है।
11 अप्रैल को उत्तराखंड में चुनाव होने हैं, उससे ठीक पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखो की नकदी बरामद की है। फिलहाल ये पता नहीं चल पाया है कि नकदी का इस्तेमाल कहां और कैसे होना था, लेकिन क्योंकि नकदी ले जाने वाले युवक इस बारे में कुछ नहीं बता पाए हैं, इसलिए ये भी कहा जा रहा है कि इस पैसे को चुनाव के दौरान खपाया जाना था। बहरहाल पुलिस की जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



