देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने एनएच-74 जांच में प्रदेश सरकार के रवैय्ये के खिलाफ जोरदार हमला करते हुए घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आज पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए एनएच-74 घोटाले की जांच में राज्य सरकार की प्रणाली व सीएम त्रिवेंद्र रावत के यू टर्न लेते हुए अपने द्वारा ही निलंबित आईएएस अधिकारियों की बहाली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को ये बताएं कि सात महीने पहले दोनों पूर्व जिलाधिकारियों के निलंबन की कार्यवाही गलत थी या अब यू टर्न लेते हुए दोनों की बहाली गलत है।
धस्माना ने कहा कि अगर दोनों नोकरशाहों के निलंबन की कार्यवाही गलत थी तो मुख्यमंत्री ये बताएं कि उन्होंने तब ऐसा करते हुए प्रदेश की जनता को यह कह कर गुमराह क्यों किया कि एसआईटी जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और निलंबित अधिकारियों के विरुद्ध पुख्ता सबूत हैं। धस्माना ने कहा कि ऐसा कृत्य कर सीएम ने निलंबित अधिकारियों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि अगर सीएम त्रिवेंद्र का तब का निर्णय सही था तो वे बताएं कि अब किन कारणों से निलंबित अधिकारियों को बहाल किया गया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वास्तव में शुरू से ही सीएम इस मामले की जांच को प्रभावित करना चाहते थे तभी उन्होंने पहले इसे बड़ा घोटाला करार देते हुए सीबीआई जांच की बात की और फिर उससे पीछे हट गए। धस्माना ने कहा कि सीएम को इस मामले की अब तो हर हाल में सीबीआई जांच करवानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



