तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में पुलिस हिरासत में हुई पिता-पुत्र की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वहीं इस मामले में मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने सीबीआई जांच करने का निर्णय लिया है। मृतक पी जयराज (59) और उनके बेटे फेनिक्स (31) की मौत मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि सरकार के निर्णय से मद्रास हाई कोर्ट को सूचित कर दिया जाएगा और केंद्रीय एजेंसी को जांच स्थानांतरित करने से पहले हाई कोर्ट से अनुमति ली जाएगी। पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘सरकार ने निर्णय किया है कि सीबीआई मामले की जांच करेगी।’’

जयराज और उनके बेटे फेनिक्स को अपनी मोबाइल फोन की दुकान समय सीमा के बाद खोलकर लॉकडाउन के नियमों का ‘उल्लंघन’ करने के आरोप में 23 जून को गिरफ्तार किया गया था। उनके रिश्तेदारों ने आरोप लगाए कि पुलिसकर्मियों ने सातनकुलम थाने में उनकी बुरी तरह की पिटाई की। इस घटना की राष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया हुई जिसके बाद दो उपनिरीक्षकों सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



