देहरादून के सभी पार्किंग स्थलों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

Summary :

निश्चित अवधि में सीसीटीवी नहीं लगाने वाले पार्किंग संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया था।

देहरादून : वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर एसएसपी ने  सभी पार्किंग स्थलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित अवधि में सीसीटीवी नहीं लगाने वाले पार्किंग संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया था। 
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि चुराए गये वाहनों को देहरादून के अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर पार्क किया गया था। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित नोटिफाइड पार्किंग एरिया के संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने  बताया कि इससे आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। 
बताया कि इस बाबत एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कहा कि जिन पार्किंग संचालकों की  ओर से निर्धारित समय सीमा के पश्चात सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये जाते हैं,  उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

Desk Team